मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांगजन एवं पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सचिवालय स्थित नवीन भवन में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में बजट सत्र से पूर्व विभागीय योजनाओं की समीक्षा तथा आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित बजट मांगों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
दिव्यांग विश्वविद्यालयों की विस्तृत समीक्षा
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ एवं जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट की समीक्षा करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि ये संस्थान दिव्यांगजनों के लिए उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने मंडल स्तर पर कार्यशालाओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक सुविधाओं और पाठ्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही दोनों विश्वविद्यालयों में रिक्त शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्ति तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने और अपेक्षित प्रगति न करने वाले जिलों में जिलाधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य निधि का उपयोग पूर्ण संवेदनशीलता के साथ दिव्यांगजनों के हित में करने पर बल दिया। बैठक में राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन द्वारा न्यायालयों में लंबित मामलों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन पर फोकस
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं पिछड़ा वर्ग को केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना है। शिक्षा, पेंशन, निःशुल्क बस सेवा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
Anveshi India Bureau



