प्रयागराज, 3 मार्च 2026। सामाजिक दायित्व और मानवीय सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने राजकीय ममता विद्यालय, कौड़िहार में 50 विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के साथ हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ होली का पर्व मनाया। यह विद्यालय दिव्यांग बच्चों के लिए स्थापित एक राजकीय संस्थान है, जहाँ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को होली हैम्पर्स वितरित किए गए, जिनमें रंग, पिचकारी, गुब्बारे, गुजिया सहित अन्य होली सामग्री एवं विशेष भोजन के डिब्बे शामिल थे। रोटेरियन्स ने बच्चों के साथ रंग खेलकर, संवाद कर और उपहार वितरित कर प्रेम, सौहार्द एवं अपनत्व का संदेश दिया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रतीक पांडेय ने बताया कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम इस विद्यालय का नियमित रूप से भ्रमण करेगा तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुँचाना रोटरी का मूल उद्देश्य है।
रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि इन विशेष बच्चों के साथ होली मनाने का अनुभव अत्यंत भावुक और संतोषप्रद रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सेवा पहल आगे भी प्रत्येक वर्ष निरंतर जारी रहेगी।
क्लब के सचिव संजय तलवार ने इस आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए रोटेरियन उमंग टंडन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने विद्यालय प्रशासन से बच्चों की आवश्यकताओं की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि क्लब उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर सके।
इस अवसर पर रोटेरियन अपूर्व, जय कुमार, उमंग टंडन, सिकंदर अली सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



