कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत देखभाल, एवं स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रदान करना था, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन के इस सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण पक्ष को स्वीकार कर सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पवन जी श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने बालिकाओं के समग्र स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को समाज के विकास से जोड़ा। क्लब सचिव रोटेरियन सचिन उपाध्याय ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और समाज में इसकी आवश्यकता को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता के रूप में रोटेरियन डॉ. मेघा जायसवाल (अध्यक्ष – महिला सशक्तिकरण समिति) ने किशोरियों से संवाद स्थापित करते हुए मासिक धर्म स्वच्छता, हाइजीनिक प्रथाओं और मानसिक स्वास्थ्य पर सरल, संवेदनशील और प्रभावशाली शैली में मार्गदर्शन किया। बालिकाओं ने उत्सुकता से प्रश्न पूछे और विषय में गहरी रुचि दिखाई। बालिकाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब क्लब की महिला चिकित्सक सदस्यों ने दिया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 छात्राओं के बीच निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही, बालिकाओं को नियमित स्वच्छता अपनाने के लाभों से अवगत कराया गया।
इस आयोजन में क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विशेष रूप से महिला रोटेरियन साथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने छात्राओं का मनोबल बढ़ाया और उन्हें यह संदेश दिया कि समाज उनके साथ है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने रोटरी प्रयागराज संगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाते हैं और बालिकाओं को सशक्त बनाते हैं। क्लब की महिलाओं द्वारा प्रधानाचार्य को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रोटरी प्रयागराज संगम इस प्रकार की जनहितकारी पहलों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करता रहेगा।
सेवा ही रोटरी का मूल मंत्र है और इस भावना के साथ हम समाज निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।
Anveshi India Bureau



