प्रयागराज। “रक्तदान है प्राणी पूजा, इसके जैसा न कोई दान दूजा” — इसी भावना के साथ रोटरी प्रयागराज संगम एवं यूफोरियल यूथ सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आज इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (AMA) ब्लड बैंक में एक प्रेरणास्पद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में कुल 17 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवीय सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर को और भी प्रेरणादायक बनाया अंतर्राष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी रोटेरियन पवन शर्मा ने, जिन्होंने इस अवसर पर अपना 62वां रक्तदान कर युवा पीढ़ी को एक सशक्त संदेश दिया।
वहीं, इस आयोजन के अध्यक्ष रोटेरियन अमरेंद्र सिंह ने भी अपना 13वां रक्तदान कर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की।
क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन पवन श्रीवास्तव, सचिव रोटेरियन सचिन उपाध्याय एवं क्लब के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
यह आयोजन न केवल रक्त की आवश्यकता को पूर्ण करने का प्रयास था, बल्कि समाज को यह भी याद दिलाने का प्रयास था कि हम सभी के पास दूसरों की जान बचाने की शक्ति है – वह है हमारे शरीर का रक्त।
Anveshi India Bureau



