प्रयागराज। कम्पोज़िट विद्यालय नखासकोना, प्रयागराज में “बनेगा स्वस्थ इंडिया” के तत्वावधान में स्वच्छता किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रयागराज श्री अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को स्वच्छता किट वितरित कर किया।
इस अवसर पर बीएसए श्री अनिल कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि “सफाई रखने से कोई बीमारी नहीं होती है। विद्यालय के साथ-साथ घर में भी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में क्या बनना है, यह तय करना बहुत जरूरी है। जब लक्ष्य स्पष्ट होगा—चाहे डॉक्टर, आईपीएस, आईएएस या पीसीएस बनना हो—तो उसे पाने के लिए मेहनत और अनुशासन भी उसी दिशा में केंद्रित होगा।
उन्होंने कहा कि आज सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ स्मार्ट बोर्ड जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से भी पढ़ाई कराई जा रही है। विद्यार्थियों को इन संसाधनों का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारना चाहिए।
“बनेगा स्वस्थ इंडिया” अभियान के अंतर्गत जनपद के 100 विद्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मनीष कुमार (डीसी कार्यालय), कृष्ण कांत मिश्र (डीसी, बनेगा स्वस्थ इंडिया), विद्यालय की प्रधानाचार्या गार्गी अग्रवाल, शिक्षिका अनीता सहगल, विज्ञान शिक्षिका डॉ. इसमिता श्रीवास्तव, शिक्षा किरण श्रीवास्तव, शिक्षामित्र सविता चौरसिया सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
Anveshi India Bureau



