AIR 1 Shakti Dubey from Prayagraj: यूपीएससी के परिणाम में बेटी की प्रथम रैंक आने पर पत्रकारों से बात करते हुए सब इंस्पेक्टर पिता देवेंद्र दुबे ने कहा कि शक्ति बचपन से बहुत शांत है। पढ़ाई-लिखाई में टॉपर रही हैं। शुरू से लेकर एमएससी तक गोल्ड मेडलिस्ट रही। बच्ची के रुझान में हमारा सहयोग था। यह उनका तीसरा प्रयास था, इससे पहले वह इंटरव्यू तक गई थीं। कुछ नंबर से नहीं हो पाया था। ऊपर वाले की कृपा थी, उसे कुछ बड़ी उपलब्धि देनी थी। बता दें कि शक्ति अपने माता-पिता की दूसरे नंबर की संतान हैं।
शक्ति की मां प्रेमा दुबे ने कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं। सब प्रभु की कृपा है। महादेव की कृपा से टॉप किया है, हमारा इसमें कोई योगदान नहीं है। शक्ति दिन-दिन भर और रात भर पढ़ाई करती थीं। अभी वह दिल्ली में हैं, कल घर आ जाएंगीं। शक्ति मूल रूप से बलिया की रहने वाली हैं।
शक्ति दुबे ने हासिल की AIR-1 रैंक
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने 22 अप्रैल 2025 को सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने प्रथम रैंक (AIR-1) हासिल कर शहर और देश का नाम रोशन किया है। इस साल कुल 1,009 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप A और B) के लिए चुना गया है।
शक्ति दुबे ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि हर्षिता गोयल ने दूसरा और डोंगरे अर्चित पराग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। शाह मार्गी चिराग (4), आकाश गर्ग (5), कोमल पुनिया (6), आयुषी बंसल (7), राज कृष्ण झा (8), आदित्य विक्रम अग्रवाल (9) और मयंक त्रिपाठी (10) शीर्ष 10 में शामिल हैं। 1,132 रिक्तियों के मुकाबले 1,009 उम्मीदवारों को चुना गया है। इसमें 335 सामान्य वर्ग, 109 EWS, 318 OBC, 160 SC, 87 ST और 45 दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवार शामिल हैं। 241 उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी रखा गया है।