प्रयागराज। शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ (SIL) में एक प्रेरणादायक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों को शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्रेरित करना था। यह कार्यक्रम वरिष्ठ छात्रों द्वारा संचालित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और प्लेटफॉर्म्स से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में संस्थान का संक्षिप्त परिचय, मिशन और मूल्य प्रणाली की जानकारी दी गई। छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे मूट कोर्ट, वाद-विवाद, भाषण, निबंध लेखन एवं क्विज़ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही मूट कोर्ट सोसायटी, लीगल एड कमेटी और इंटर्नशिप सेल जैसी छात्र समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। सत्र में शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास के महत्व, करियर निर्माण, इंटर्नशिप और सॉफ्ट स्किल्स को लेकर उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों की सफलताओं को साझा करते हुए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए गए, जिससे जूनियर छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ। अंत में छात्रों को बताया गया कि SIL में मौजूद विभिन्न अवसरों का अधिकतम लाभ कैसे उठाया जा सकता है। इस अवसर पर उत्थान के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र कुमार और शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ की प्राचार्या डॉ.अंजू केसरवानी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन से यह आयोजन सफल हो सका।


Anveshi India Bureau



