प्रयागराज : 15 यूपी बटालियन एन.सी.सी., प्रयागराज के नेतृत्व में सैनिक पी.जी. कॉलेज, मई, देवकली, हनुमानगंज, प्रयागराज के प्रांगण में संचालित 12 दिवसीय विशेष संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का दसवाँ दिवस प्रशिक्षण की परिपक्वता, सामाजिक जागरूकता और अनुशासित समापन की ओर बढ़ते कदमों का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।
इस दिन राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किए जा रहे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण का विधिवत समापन हुआ। युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में समस्त कैडेट्स ने पूर्ण निष्ठा एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। परीक्षा का संचालन डिप्टी कैम्प कमांडेंट मेजर संतोष जायसवाल की देखरेख में सम्पन्न हुआ तथा परीक्षा प्रक्रिया का निरीक्षण ए.एन.ओ. मेजर विमल कुमार उत्तम, कैप्टन मनोज कुमार सिंह एवं लेफ्टिनेंट (डॉ.) कृपा शंकर यादव द्वारा किया गया।
परीक्षा उपरांत राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश के प्लाटून कमांडर रजनीकांत तिवारी के प्रेरणादायी योगदान के लिए कैम्प कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में समर्पित सेवा का प्रतीक रहा।


इसी क्रम में शिविर में मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ की विशेषज्ञ टीम द्वारा ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी गर्ल्स कैडेट्स को ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक पहचान, संभावित कारणों, बचाव के उपायों, परीक्षण की विधियों तथा समय पर उपचार के महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन ए.एन.ओ. कैप्टन रेखा सिंह एवं जी.सी.आई. नीति सिंह के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मेदांता टीम को भी कैम्प कमांडेंट द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन में सैनिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री संतोष यादव ‘आर्मी’ का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। उनके सतत मार्गदर्शन, सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयासों ने शिविर को अनुशासन, सुविधा और गरिमा के साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एन.सी.सी. का यह विशेष संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर अब अपने समापन की ओर अग्रसर है और कैडेट्स के व्यक्तित्व में अनुशासन, आपदा-सजगता, सामाजिक संवेदनशीलता तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को स्थायी रूप से अंकित करता हुआ एक प्रेरणादायी अध्याय रच रहा है।
Anveshi India Bureau



