भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी के प्रयागराज आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
डॉ. त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव और जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर फिर से उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सुशासन का कमल खिलाएं।

उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है और निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की बढ़ती ताकत से देश के विरोधी चिंतित हैं, लेकिन भारत अपनी मजबूत कूटनीति और सैन्य क्षमता से हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
डॉ. त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब गुंडा मुक्त होकर विकास की राह पर अग्रसर है और प्रदेश में अमन-चैन का माहौल है। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोग भय के साए में जीते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर तीसरी बार हैट्रिक बनाकर विकास, खुशहाली और सुशासन के कमल को खिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी तरह चुनावी मोड में आ जाएं।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, प्रवक्ता राजेश केसरवानी, भाजपा नेता उमेश द्विवेदी, पार्षद आशीष द्विवेदी, पार्षद ज्ञानेंद्र मिश्रा, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी, अजय अग्रहरि, शत्रुघ्न जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
Anveshi India Bureau



