प्रयागराज। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के प्रयागराज आगमन पर सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की तथा एसआईआर अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर श्री नकवी ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि एसआईआर अभियान से ममता बनर्जी भयभीत हैं, क्योंकि उनके फर्जी और घुसपैठिए मतदाता देश छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी की कुशासन और रक्तरंजित शासन व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है और अब उनसे मुक्ति चाहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार “मां, माटी और मानुष” के नाम पर सत्ता में आई थी, लेकिन आज वही सरकार जनता के लिए अभिशाप बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अब वंदे मातरम् की धरती पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा और जनता ममता बनर्जी सरकार को विदाई देने का मन बना चुकी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि घमंड और कुंठा से ग्रस्त कांग्रेस एक विपक्षी दल के रूप में देश के राष्ट्रीय एवं आंतरिक मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। यही कारण है कि जनता अब कांग्रेस से ऊब चुकी है और उसे राजनीतिक रसातल में पहुंचा चुकी है।
भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाण्डेय के पिता श्री रामचंद्र पाण्डेय के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को संवेदना व्यक्त की तथा पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर रामजी केसरवानी, सीताशरण शास्त्री, राजेश केसरवानी, शत्रुघ्न जायसवाल, किशन चंद्र जायसवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India bureau



