Tuesday, March 10, 2026
spot_img
HomePrayagrajमहाशक्ति पीठ मां कल्याणी देवी का तीन दिवसीय वार्षिक मेला प्रारंभ

महाशक्ति पीठ मां कल्याणी देवी का तीन दिवसीय वार्षिक मेला प्रारंभ

प्रयागराज। महाशक्ति पीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में तीन दिवसीय चैत्र अष्टमी वार्षिक मेले का शुभारंभ मंदिर के अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार पाठक द्वारा मां की आरती के साथ किया गया। मेले के पहले दिन प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और दोपहर लगभग एक बजे तक हजारों महिलाओं एवं पुरुषों ने मां कल्याणी देवी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम लगभग 6 बजे भक्तों को मां कल्याणी के महाकाली स्वरूप के दर्शन कराए गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया। वहीं रात्रि लगभग 11 बजे हजारों भक्तों ने मां के भव्य श्रृंगार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मंदिर के अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार पाठक ने बताया कि 11 मार्च को अष्टमी तिथि पर प्रातःकाल मां कल्याणी मैया की मंगला आरती की जाएगी। दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे मां कल्याणी का महाश्रृंगार दर्शन और महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसके उपरांत भक्तों के लिए दर्शनार्थ मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे।

मंदिर के महामंत्री पंडित श्याम जी पाठक ने बताया कि अष्टमी के दिन मां कल्याणी देवी का भव्य महाश्रृंगार स्वर्ण आभूषणों, विविध पुष्पों, फलों और मेवों से किया जाएगा। इस अवसर पर दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ ध्वज-निशान चढ़ाने और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर मां का आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। मेले में देवी जागरण एवं लोकगीतों का भी आयोजन किया जाएगा।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर परिसर में नवचंडी दुर्गा सप्तशती पाठ, कुंवारी कन्याओं का पूजन-भोजन तथा हवन आदि धार्मिक कार्यक्रम विधि-विधान से संपन्न कराए जाएंगे।

इस अवसर पर पंडित श्याम जी पाठक, पंडित अनिल कुमार पाठक, राजेश केसरवानी, सुधीर, पंडित महेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments