प्रयागराज। विद्या भारती काशी प्रांत से संबद्ध रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर में वार्षिक प्रांतीय शैक्षिक निरीक्षण का शुभारंभ 3 दिसंबर से हो गया। यह निरीक्षण 5 दिसंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का आरंभ वंदना सत्र के साथ हुआ, जिसका संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।
झारखंड कादीपुर, सुलतानपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से पहुँचे प्रधानाचार्य अवधेश मिश्र निरीक्षण टीम के प्रमुख रहे। उनके साथ निरीक्षक दल के सदस्य मनोज ओझा (प्रवक्ता–गणित), जटाशंकर तिवारी (प्रवक्ता–रसायन विज्ञान), कृष्णदेव सिंह (प्रवक्ता–हिंदी) एवं विपनेंद्र सिंह (कार्यालय प्रमुख) उपस्थित रहे। मां सरस्वती की वंदना के उपरांत विद्यालय आचार्य सत्य प्रकाश पाण्डेय ने सभी निरीक्षकों का परिचय कराया। इसके बाद प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय सहित छात्र सांसद, कन्या भारती और शिशु भारती की पदाधिकारी बहनों ने अंगवस्त्रम भेंट कर निरीक्षकों का स्वागत किया।

प्रधानाचार्य अवधेश मिश्र ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्या भारती का प्रांतीय निरीक्षण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से संस्था क्षेत्रीय और प्रांतीय स्तर पर शैक्षणिक दिशा, संगठनात्मक नीतियों और भावी योजनाओं का निर्धारण करती है। इसका उद्देश्य शिक्षा को भारतीय मूल्यों और संस्कृति के अनुरूप बनाना तथा राष्ट्र निर्माण हेतु संस्कारयुक्त पीढ़ी का निर्माण करना है।
निरीक्षण के प्रथम दिन निरीक्षक दल ने शैक्षिक गतिविधियों, वित्तीय व्यवस्था, अनुशासन, विद्यालय वातावरण व संसाधनों का विस्तृत अवलोकन किया तथा मातृ भारती एवं विद्यालय के पूर्व छात्रों के साथ बैठक की। आगामी दो दिनों में निरीक्षक दल विभिन्न विभागों और उनकी पंजी का निरीक्षण करेगा तथा छात्र सांसद, कन्या भारती, संस्कार केंद्र, प्रबंध समिति और आचार्य परिवार के साथ बैठकें होंगी। प्रार्थना सभा का संचालन आचार्य दिनेश कुमार शुक्ल द्वारा किया गया।
Anveshi India Bureau



