Monday, March 30, 2026
spot_img
HomePrayagrajUP PCS Result : पीसीएस-2024 का परिणाम घोषित, नेहा पांचाल ने किया...

UP PCS Result : पीसीएस-2024 का परिणाम घोषित, नेहा पांचाल ने किया टॉप, अनन्या त्रिवेदी को मिला दूसरा स्थान

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने रविवार आधी रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। 947 पदों के मुकाबले 932 पदों पर चयनित हुए अभ्यर्थियों में नेहा पांचाल शीर्ष पर हैं।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने रविवार आधी रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। 947 पदों के मुकाबले 932 पदों पर चयनित हुए अभ्यर्थियों में नेहा पांचाल शीर्ष पर हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की अनन्या त्रिवेदी को दूसरा और अभय प्रताप सिंह को तीसरा स्थान मिला। शीर्ष 10 में छह बेटियां हैं और इनमें चार यूपी के विभिन्न जिलों से हैं।

पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम चार फरवरी 2026 को जारी किया गया था। इसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था। हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाओं पर पारित आदेश के अनुपालन के क्रम में दो अन्य अभ्यर्थियों को भी साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया था। साक्षात्कार 26 फरवरी से 23 मार्च तक आयोजित किए गए। इसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

 

 

932 अभ्यर्थी हुए थे सफल

 

परीक्षा में शामिल 24 प्रकार के पदों/सेवाओं के लिए उपलब्ध 947 रिक्तियों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को आयोग ने सफल घोषित किया है। व्यवस्थाधिकारी का एक पद और व्यवस्थापक के 14 पद उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण खाली रह गए। जिनके पुनर्विज्ञापन की आयोग ने संस्तुति की है। चयन परिणाम आयोग की वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है।

आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार, परीक्षा के आधार पर अंतिम रूप से सफल घोषित किए गए जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘PROV’ अंकित हैं, उनसे अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित तिथि तक वांछित अभिलेख अवश्य प्रस्तुत कर दें, वरना आयोग उनका चयन/अभ्यर्थन निरस्त कर देगा। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंकों की सूचना जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।

 

यूपी पीसीएस – 2024 का पूरा रिजल्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें
नेहा और श्वेता नाम की तीन-तीन डिप्टी कलेक्टर

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा घोषित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 के परिणामों में इस बार अद्भुत संयोग देखने को मिला है। परिणाम में नेहा और श्वेता नाम की बेटियों का दबदबा रहा। प्रदेश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा में तीन नेहा ने डिप्टी कलेक्टर के पद पर अपना कब्जा जमाया है।

परीक्षा परिणामों में टॉपर्स की सूची में नेहा और श्वेता नाम की गूंज सुनाई दे रही है। नेहा पांचाल ने पहला स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि इस परीक्षा में अव्वल रहीं। इसी तरह नेहा सिंह ने पांचवां स्थान हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई। इसी क्रम में नेहा तोमर ने 11वीं रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर के पद पर अपनी मुहर लगाई। इसी तरह प्रतापगढ़ की श्वेता द्विवेदी ने 29वां स्थान हासिल कर डिप्टी कलेक्टर पद हासिल किया है। इसी तरह श्वेता वर्मा और श्वेता गुप्ता का भी चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। आमतौर पर एक ही नाम के दो अभ्यर्थियों का चयन चर्चा में रहता है लेकिन शीर्ष पदों पर एक ही नाम की तीन महिला अभ्यर्थियों का चयन होना दुर्लभ संयोग माना जा रहा है।

संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत से अनन्या ने पाई सफलता

पीसीएस-2024 के अंतिम परिणाम में रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी ने दूसरा स्थान पाया है। उन्होंने संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत से सफलता पाई है। रायबरेली के आनंद नगर की निवासी अनन्या के पिता सुशील त्रिवेदी एक जनरल स्टोर चलाते हैं, जबकि मां रेखा रानी बेसिक शिक्षा विभाग में सरकारी शिक्षिका हैं। अनन्या अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मां के कठिन परिश्रम और त्याग को देती हैं। उन्होंने मामा राजेश पांडेय (एडिशनल एसपी, कानपुर देहात) के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया। ब्यूरो

शैक्षणिक सफर रहा मजबूत

अनन्या ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रायबरेली से पूरी की। इसके बाद उन्होंने 2019 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से समाजशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से परास्नातक की डिग्री हासिल की और साथ ही नेट भी क्वालिफाई किया। अनन्या ने कहा कि पहली बार मेंस और साक्षात्कार दिया और सफलता पाई।

अनन्या रोजाना छह घंटे पढ़ाई करती थीं और उन्होंने अपनी तैयारी को नियमित व योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया। वह फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी भी कर रही हैं।

प्रशासन और पुलिस की कमान संभालेंगी 28 बेटियां

पीसीएस-2024 के अंतिम चयन परिणाम ने साफ संदेश दिया है कि प्रदेश में अब प्रशासन और पुलिस की कमान बेटियों के हाथों में आने जा रही है। बड़ी बात है कि डिप्टी कलेक्टर के 37 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में से 21 बेटियां हैं और डिप्टी एसपी के 17 में से सात पदों पर बेटियों का चयन हुआ है। 932 पदों में से एक तिहाई पदों पर महिला अभ्यर्थी चयनित हुई हैं।

वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स) के 196 में से 76 पदों और एआरटीओ के 16 में से छह पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसी तरह ट्रेजरी ऑफिसर के 22 पदों में से छह पदों की जिम्मेदारी बेटियां संभालेंगी और जिला कमांडेंट होमगार्ड के दो पदों में से एक पद पर महिला अभ्यर्थी का चयन किया गया है।

सहायक आयुक्त उद्योग के 18 पदों में से सात पर बेटियों ने सफलता हासिल की। वहीं, खंड विकास अधिकारी के पदों पर चयनित 72 में से 24 बेटियां हैं। जबकि समाज कल्याण अधिकारी के नौ में से तीन पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। खास यह है कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के एकमात्र पद पर महिला अभ्यर्थी गरिमा सिंह का चयन हुआ है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के पांच में से तीन और जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी के चार में से तीन पदों पर महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें प्रिया शर्मा, साक्षी गुप्ता व एनाक्षी गुप्ता शामिल हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार के 258 पदों में से 67 पदों पर महिला अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। वहीं, डिप्टी जेलर के 60 में से 16 पदों की कमान बेटियां संभालेंगी।

डिप्टी कलेक्टर के पदों पर हुआ इनका चयन

नेहा पांचाल, अनन्या त्रिवेदी, अभय प्रताप सिंह, अनामिका मिश्रा, नेहा सिंह, दीप्ति वर्मा, पूजा तिवारी, अनुराग पांडेय, शुभम सिंह, आयुष पांडेय, नेहा तोमर, संतोष प्रजापति, सुषमा यादव, विनय कुमार उपाध्याय, दीक्षा अग्रवाल, गरिमा शर्मा, करिश्मा चौहान, हर्ष पुष्पाकर, कुमारी ज्योति, सोनम यादव, श्वेता वर्मा, पंकज वर्मा, अनुराग प्रताप सिंह, हरिवेंद्र सिंह गुज्जर, श्वेता गुप्ता, शृष्टि चौधरी, अभय सिंह राजपूत, अंकित पांडेय, श्वेता द्विवेदी, कृतिका चौधरी, सचिन कुमार, सोनाली सिंह, विनय कुमार, अविनाश कुमार, जैसमिन वर्मा, प्राची, मो. गुलरेज खान।

डिप्टी एसपी के पदों पर हुआ इनका चयन

नकुल उपाध्याय, अनिमेष अवस्थी, आकृति शुक्ला, स्वदेश शर्मा, गुरमन कौर गिल, तुल्सा त्रिवेदी, हर्ष कुमार सिंह, अदिति पुनेठा, अनुराग यादव, अंजुले गुप्ता, राजू मोदनवाल, विमलेश कुमार, श्वेता त्यागी, अवतार सिंह, वरुण कुमार, बृजेंद्र कुमार भारतीया, रुचि।

इन पदों पर हुआ चयन

पद : संख्या

डिप्टी कलेक्टर : 37,
डिप्टी एसपी : 17
असिस्टेंट कमिश्नर ( कॉमर्शियल टैक्स) : 196
असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर : 16
ट्रेजरी ऑफिसर/एकाउंट ऑफिसर : 22
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड : दो
सुपरिटेंडेंट जेल : एक
सहायक आयुक्त उद्योग : 18
वर्क ऑफिसर : 23
खंड विकास अधिकारी : 72
जिला समाज कल्याण अधिकारी : नौ
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी : एक
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी : पांच
वाणिज्य कर अधिकारी : 142
जिला खाद्य विपणन अधिकारी : दो
नायब तहसीलदार : 258
डिप्टी जेलर : 60
जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी : चार
उप निबंधक : 40
सहायक संचालक/निदेशक उद्योग (हथकरघा) : एक
सांख्यिकी अधिकारी, उत्तर प्रदेश कृषि सेवा ग्रेड-2, अनुभाग-सी (सांख्यिकी शाखा) : तीन
मैनेजर ( इस्टेट डिपार्टमेंट ) : 02
सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान (ग्रेड-II) : 01

 

 

 

Courtsyamarujala.com

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments