उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित दिल्ली हाट में “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य आयोजन शनिवार को किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन, कला, परंपराओं एवं सामाजिक योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास, विरासत और विश्वास का प्रदेश है तथा नए भारत की मजबूत नींव भी उत्तर प्रदेश ही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का दिल और आत्मा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जा रहा है तथा 24 जनवरी प्रदेश के लिए ऐतिहासिक महत्व का दिन है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से 2026 के बीच उत्तर प्रदेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह संभावनाओं से भरपूर राज्य है। यह वही प्रदेश है जो रामकृष्ण, गौतम बुद्ध और महावीर की ज्ञान-भूमि रहा है, जहाँ बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी, भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तथा तीर्थराज प्रयागराज स्थित हैं। उन्होंने प्रयागराज में आयोजित माघ मेला और कुंभ जैसे विश्वविख्यात आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आयोजनों में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु सहभागिता करते हैं।

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते लगभग नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। रोजगार के व्यापक अवसर सृजित हुए हैं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जिनमें सर्वाधिक संख्या उत्तर प्रदेश की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था से विकास को नई गति मिलती है और आज उत्तर प्रदेश किसी भी रूप में ‘बीमारू राज्य’ नहीं, बल्कि तेज़ी से विकास पथ पर अग्रसर है।
कार्यक्रम में श्रीलंका, मॉरीशस, कनाडा, रूस, सिंगापुर सहित विभिन्न देशों के माननीय राजदूतों तथा अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक पर्यटन डॉ. वेदपति मिश्रा द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा कुंभ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।
इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में निवास कर रहे उत्तर प्रदेश के विशिष्ट व्यक्तियों को पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित राधा-कृष्ण थीम पर प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम रहे, जिनमें लोकनृत्य, संगीत एवं कला की मनमोहक झलक देखने को मिली।
Anveshi India Bureau



