प्रयागराज। वन्देमातरम गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर गुरुवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में भाजपा द्वारा “वन्देमातरम” के सामूहिक गान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो काम तलवार की धार से नहीं हो सकता वो कलम की नोक से हो सकता है और वहीं कलम जब बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की चली तो वन्देमातरम की रचना हुई। “वन्देमातरम” कोई कविता नहीं पूरे भारत के लिए वो महामंत्र है जिसने हमें अंग्रेजों की पराधीनता से मुक्त कराने और भारत के तिरंगे का मान बढ़ाने का काम किया। इस महामंत्र को गाते हुए वीर क्रांतिकारियों ने हंसते हंसते फांसी के फंदे को चूमा। आजादी की लड़ाई में हर जुबां पर वन्देमातरम रहता था। जिस वन्देमातरम को अंग्रेजों के शासनकाल में मिटाने का काम हुआ उसी वन्देमातरम की ताकत के बल पर अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए उन्हें भारत से खदेड़ दिया गया। ऐसी कालजयी रचना के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर ये आयोजन हम सबके लिए गर्व का विषय है। हर वर्ष 26 जून को उनकी जयंती पर सामूहिक वन्देमातरम का गान होता है। भाजपा के कार्यक्रम का प्रारंभ वन्देमातरम से और समापन जन गण मन से होता है। भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रयागराज इकलौता ऐसा जिला है जहां हर वर्ष बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर सामूहिक वन्देमातरम गान होता है। ये गर्व का विषय है। वन्देमातरम हमारी चेतना है हमारी शक्ति है। इससे पहले डिप्टी सीएम ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस दौरान काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, प्रभा शंकर पांडेय, राजेंद्र मिश्र, विनोद, प्रजापति, प्रमोद मोदी, वरुण केसरवानी, शैलेन्द्र मौर्य, राजेश केसरवानी, विवेक मिश्रा उमेश तिवारी, विजय पटेल, विजय श्रीवास्तव, अरुण पटेल आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India Burea