Thursday, February 19, 2026
spot_img
HomePrayagrajविज़न 2047 : विकसित भारत – विकसित प्रदेश की थीम पर 18...

विज़न 2047 : विकसित भारत – विकसित प्रदेश की थीम पर 18 से सजेगा पाँचवा प्रयागराज पुस्तक मेला

पुस्तक प्रेमियों का बहुप्रतीक्षित प्रयागराज पुस्तक मेला इस वर्ष नए आयामों, आकर्षक साहित्यिक कार्यक्रमों और विस्तारित सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ एजुकेशनल हब—कटरा स्थित द पाम्स रिसोर्ट – रॉयल गार्डन में 18 दिसम्बर से आरम्भ होगा। यह मेला अब प्रयागराज की सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं साहित्यिक परंपरा का एक प्रमुख आयोजन बन चुका है।

 

प्रेस वार्ता के दौरान संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि फ़ोर्सवन बुक्स और बुकवाला द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस मेले में देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों, वितरकों तथा विविध सामाजिक एवं साहित्यिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

सह-आयोजक मनीष गर्ग ने कहा कि 11 दिवसीय मेले में राजकमल प्रकाशन, लोकभारती प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, राजपाल एण्ड संस, भारतीय ज्ञानपीठ, सस्ता साहित्य मण्डल, प्रकाशन विभाग–भारत सरकार, साहित्य भंडार, प्रकाशन संस्थान, अनबॉउंड स्क्रिप्ट, बुकवाला, सम्यक प्रकाशन, हिन्द युग्म, दिव्यांश प्रकाशन, शिल्पायन, गर्ग ब्रदर्स, ए.के. इंटरप्राइजेज, दिक्षा स्टेशनरी, दिनकर पुस्तकालय, योगदा के साथ-साथ उदबोधन पब्लिकेशन, रितेश बुक एजेंसी, अदित्रि बुक एजेंसी, बीइंग बुकिश, किताब पढ़ो एवं रामकृष्ण मठ, कोलकाता, श्री कबीर ज्ञान प्रकाशन केंद्र, गिरिडीह अपनी पुस्तकों के समृद्ध संग्रह के साथ सहभागी होंगे।

 

बच्चों और किशोरों के लिए इस वर्ष विशेष आकर्षण नवनीत प्रकाशन और देश की लोकप्रिय अमर चित्र कथा होंगी, जो बाल साहित्य, चित्रकथाओं एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का विस्तृत संकलन प्रस्तुत करेंगी।

 

मेले के निदेशक आकर्ष चंदेल ने बताया कि इस वर्ष की थीम “विज़न 2047 : विकसित भारत – विकसित प्रदेश” रखी गई है, जिसका उद्देश्य भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष तक प्रदेश में सर्वसुलभ ज्ञान, शिक्षा और साक्षरता को बढ़ावा देना है। मेला 18 से 28 दिसम्बर तक आयोजित होगा तथा प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

 

संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि मेले का उद्घाटन 18 दिसम्बर शाम 5 बजे इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति श्री सिद्धार्थ नंदन द्वारा किया जाएगा।

 

मेले के दौरान पुस्तक विमोचन, लेखकों से संवाद, कवि सम्मेलन, साहित्यिक गोष्ठियाँ, कहानी पाठ तथा बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित होंगी। स्थानीय लेखकों को प्रोत्साहित करने हेतु इस वर्ष भी उन्हें निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वे सीधे पाठकों से संवाद स्थापित कर सकें।

 

सह-संयोजक मनीष गर्ग ने बताया कि मेले में उपलब्ध सभी पुस्तकों पर न्यूनतम 10% छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकें ज्ञान, संवेदनशीलता और प्रेरणा का सबसे सशक्त माध्यम हैं। युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक साहित्य का बड़ा संग्रह विशेष आकर्षण रहेगा।

 

सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत रक्तसंकल्प और रक्तर्पण संस्थाएँ रक्तदान जागरूकता अभियान के साथ मेले में भाग लेंगी। वहीं रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

 

आगंतुकों की सुविधा हेतु सुरक्षित और समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे आगंतुक बिना किसी असुविधा के मेले का आनंद ले सकें।

 

आयोजकों ने प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अभिभावकों तथा परिवारों से इस ज्ञान, साहित्य और संस्कृति के महोत्सव में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments