प्रयागराज। माघ मेला–2026 के दृष्टिगत काली घाट से वाटर लेजर शो का संचालन 12 जनवरी 2026 से पुनः प्रारम्भ कर दिया गया। यह शो पर्यटन विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था यू.पी.पी.सी.एल. यूनिट–2, प्रयागराज के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का उद्घाटन गत वर्ष महाकुम्भ–2025 के दौरान मा० कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ द्वारा किया गया था। बाढ़ की समाप्ति के उपरान्त अब इसका पुनः संचालन शुरू किया गया है।
आज लेजर शो का अवलोकन मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजयपाल शर्मा एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया।


वाटर लेजर शो प्रतिदिन सायं 07:00 बजे काली घाट से प्रदर्शित किया जाएगा। शो की अवधि 45 मिनट की है, जिसमें प्रयागराज की पौराणिक कथाओं के साथ माघ, कुम्भ एवं महाकुम्भ के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का चित्रण किया गया है।
काली घाट के समीप स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत वाटर स्पोर्ट्स एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन भी किया जा रहा है। लेजर शो के पुनः प्रारम्भ होने से प्रयागराज आने वाले पर्यटकों के आकर्षित होने की उम्मीद है। यह जानकारी सहायक सूचना निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी, प्रयागराज द्वारा दी गई।
Anveshi India Bureau



