उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसानों और गरीबों का कल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी एवं सोशल सेक्टर की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
उपमुख्यमंत्री जनपद श्रावस्ती के भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं कम्बल भी वितरित किए। बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठकों में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।


श्री मौर्य ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे श्रावस्ती को आकांक्षी जनपदों की श्रेणी से विकसित जनपदों की श्रेणी में लाया जा सके। सरकार अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित न रहने दिया जाए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए।
प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोभूमि है, जहां 42 देशों के बौद्ध मठ स्थापित हैं। यहां पर्यटन और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार रेल और हवाई नेटवर्क को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता दे रही है, ताकि जनपद का सर्वांगीण विकास हो सके।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, सुभाष सत्या, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



