Lara Dutta: अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने साथ हुए एक भयावह हादसे को याद किया। जहां वो मौत के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन फिर अक्षय कुमार ने हीरो बनकर उनकी जान बचाई। जानिए कब और कहां हुआ था ये हादसा…
मिस यूनिवर्स रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं। लारा ने अपने करियर की शुरुआत अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘अंदाज’ से की थी। अब हाल ही में लारा ने अपने साथ हुए एक हादसे के बारे में बताया, जहां वो लगभग मौत के करीब पहुंच गई थीं। लेकिन उनके को-एक्टर अक्षय कुमार ने अपनी जान पर खेलकर लारा की जान बचाई।
एशियन टेलीविजन नेटवर्क कनाडा से बात करते हुए लारा ने अपने करियर के सबसे भयावह अनुभवों में से एक को याद किया। एक्ट्रेस ने याद किया कि कैसे एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान एक लहर ने उन्हें और उनके को-एक्टर अक्षय कुमार को समुद्र में बहा दिया। हादसा ‘अंदाज’ की शूटिंग के दौरान हुआ था।
एक्ट्रेस ने बताया कि मैंने चमड़े के कपड़े पहने हुए पानी में छलांग लगाई। मुझे तैरना नहीं आता था और मैं पत्थर की तरह डूब गई। इसके बाद जो हुआ वह और भी बुरा हो सकता था। अक्षय कुमार, जो खुद पानी में थे, उन्होंने मुझे पकड़ लिया और वापस किनारे पर ले आए। मुझे हाइपोथर्मिया शॉक हो गया, शूटिंग तुरंत रोक दी गई और मुझे अस्पताल ले जाया गया।

‘ब्लू’ के लिए अक्षय ने ऐसे किया लारा को राजी
लारा ने आगे कहा कि इस घटना ने मुझ पर गहरा असर डाला। इसके बाद जब अक्षय कुमार ने बाद में ‘ब्लू’ फिल्म के लिए मेकर्स को लारा का नाम सुझाया, जिसमें कई समुद्र के और पानी के अंदर के सीन थे, तो लारा घबरा गईं और उन्होंने मना करने की सोची।
एक्ट्रेस ने बताया कि मैंने अक्षय को फोन किया और बताया कि मैं यह फिल्म नहीं कर सकती। इस पर अक्षय का सीधा जवाब तैरना सीखो। 30 साल की उम्र में उन्होंने मुझसे डाइविंग सीखने को कहा। मैंने कहा, ‘मैं ही पागल मिली हूं’। लेकिन मुझे ऐसा करना पड़ा। 30 साल की उम्र में मैंने तैरना सीखा।

‘ब्लू’ की शूटिंग के दौरान अक्षय भी हुए थे हादसे का शिकार
साल 2009 में रिलीज हुई ‘ब्लू’ एक वॉटर एडवेंचर फिल्म थी, जिसमें समुद्र के अंदर के कई सीन थी। ‘ब्लू’ की शूटिंग में कई तरह के खतरे थे, जिनमें पानी में असली शार्क के साथ फिल्माए गए सीन भी शामिल थे।
अक्षय कुमार खुद क्लाइमेक्स की शूटिंग के दौरान मौत के मुंह से बाल-बाल बचे थे। जब 150 फीट पानी के नीचे डूबे हुए जहाज से उनका सिर टकरा गया और शार्क की मौजूदगी में खून बहने लगा, लेकिन वे किसी तरह सतह पर वापस आ गए।
‘ब्लू’ में अक्षय कुमार और लारा दत्ता के साथ संजय दत्त और जायद खान भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। काफी बड़े बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी।
Courtsyamarujala.com



