कोहली की आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया। फैंस भी इस कपल को शुभकामना संदेश भेज रहे हैं।
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा आज अपनी शादी की सातवीं सालगिरह मना रहे हैं। इन दोनों ने 11 दिसंबर, 2017 को इटली के टस्कनी में एक निजी समारोह में शादी की थी। इस मौके पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और उनके फैंस ने शुभकामनाएं दीं हैं। यह जोड़ी पिछले कुछ वर्षों में भारत की सबसे प्रसिद्ध स्टार जोड़ियों में से एक रही है। अनुष्का भारत के मैचों के दौरान स्टेडियम में भी नजर आती हैं। हाल ही में वह पर्थ में कोहली के शतक के दौरान भी मौजूद रही थीं। इस दौरान कोहली ने अनुष्का का फ्लाइंग किस दी थी।

कोहली की आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘विरुष्का कपल गोल्स को पूरी तरह निभा रहे हैं। पावर कपल, अनुष्का और विराट को शादी की सालगिरह की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कई और खूबसूरत साल आप दोनों का इंतजार कर रहे हैं और आप एक-दूसरे को और बाकी दुनिया को ऐसे ही प्रेरित करते रहें!’ फैंस भी इस कपल को शुभकामना संदेश भेज रहे हैं।

पर्थ में अपना 30वां टेस्ट शतक जड़ने के बाद कोहली ने इसे अपनी पत्नी अनुष्का को समर्पित किया था। उन्होंने कहा था कि अनुष्का करियर के कठिन क्षणों में उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने कहा, ‘मुझे अपने देश के लिए खेलने पर गर्व है। वह यहां हैं जो इस शतक को मेरे लिए और भी खास बनाता है। अनुष्का हर समय मेरे साथ रही हैं। इसलिए वह सब कुछ जानती है जो पर्दे के पीछे चल रहा होता है। जब आप अच्छा नहीं खेलते हैं या कुछ गलतियां करते हैं तो आपके मन में क्या चलता है, यह वो जानती हैं। मैं सिर्फ टीम के लिए योगदान देना चाहता हूं। मैं ऐसा खिलाड़ी नहीं हूं जो सिर्फ इसके लिए घूमना चाहता है।’

कोहली फिलहाल गाबा में तीसरे टेस्ट के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं क्योंकि एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद सीरीज 1-1 से बराबर है। विराट कोहली का टेस्ट में खराब दौर जारी है। पर्थ में उन्होंने शतक जरूर लगाया था, लेकिन उससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ और उसके बाद एडिलेड में विराट कुछ खास नहीं कर सके थे। साल 2024 में विराट का टेस्ट में औसत रवींद्र जडेजा से भी खराब रहा है। विराट ने इस साल 16 पारियों में 26.64 की औसत से 373 रन बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में छह पारियों में विराट ने महज 91 रन बनाए थे। वहीं एडिलेड में वह सात और 11 का स्कोर बना पाए। साल 2011 में विराट का टेस्ट करियर शुरू हुआ था और साल 2019 के अंत तक आते आते विराट टेस्ट में 55.10 की औसत से रन बना रहे थे। इसके बाद उनकी फॉर्म में गिरावट आई और 2024 में उनका मौजूदा औसत 47.72 का है। 2021 के बाद यह लगातार तीसरा साल है, जब उनका फॉर्म 50 से नीचे रहा है। 2022 में उनका बल्लेबाजी औसत 49.35 का और 2023 में 48.12 का रहा था।
Courtsy amarujala.com