महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या ने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। शनिवार को गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 60 करोड़ के पार हो गई है। आस्था का जनज्वार लगातार संगम की ओर अभी बढ़ ही रहा है।
शनिवार को भी संगम पर आस्था हिलोर मारती दिखी। हर मार्ग पर श्रद्धालुओं का रेला चल रहा है। आस्था के जनज्वार का अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि दिन में 12 बजे तक ही 71 लाख से अधिक लोग संगम स्नान कर चुके थे। इसी के साथ महाकुंभ में कुल स्नानार्थियों की संख्या भी 60 करोड़ पार हो गई।
महाकुंभ के समापन में अब महज चार दिन शेष हैं। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में शनिवार को अधिक भीड़ की उम्मीद पहले से थी और इसकी झलक भी शुक्रवार शाम को दिख गई। श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुक्रवार रात से ही शुरू हो गया था। शनिवार की सुबह तो हर प्रमुख मार्ग पर लोग ही दिख रहे थे। मेला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शनिवार को दिन में 12 बजे तक 71.18 लाख लोग स्नान कर चुके थे। वहीं शुक्रवार तक कुल 59.31 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह से शनिवार को दिन में 12 बजे तक ही 60.02 कराेड़ से अधिक लोग संगम में डुबकी लगा चुके थे। जबकि, इसके बाद भी भीड़ लगातार बढ़ रही थी।
Courtsyamarujala.com