मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के दिशा निर्देशन में प्रयागराज मण्डल में मालभाड़ा परिवहन की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए योजनबद्ध सतत प्रयास किए जा रहे हैं । प्रयागराज मण्डल ने मालभाड़ा परिवहन में शानदार प्रदर्शन करते हुये चालू वित्तीय वर्ष में सराहनीय कार्य किया है । परिवहन के क्षेत्र में अच्छी सेवाएँ उपलब्ध कराने से प्रयागराज मण्डल में माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि हो रही है । सस्ते किराए, सुगम परिवहन, निर्धारित समय पर सुरक्षित डिलीवरी, व्यापार और उद्योग जगत के साथ निरंतर संपर्क और सार्थक संवाद से प्रयागराज मण्डल लगातार अपनी आय में भी बढ़ोतरी कर रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक (गुड्स)/ प्रयागराज मण्डल, अतुल यादव एवं मण्डल प्रबन्धक, भारतीय खाद्य निगम/अलीगढ़ के मध्य इस साइडिंग को संचालन हेतु साइडिंग एग्रीमेंट किया गया है । प्रयागराज मण्डल के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है ।
प्रयागराज मण्डल ने ‘लीप एग्री लोजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड’ के साथ मिलकर वर्ष 2012 से बंद पड़ी हरदुआगंज के निकट एफसीआई साइडिंग को DBFOT (Design, Build, Finance, Operate, Transfer) मोड पुनर्विकसित किया है । इस परियोजना के अंतर्गत 50,000 मीट्रिक टन क्षमता के अत्याधुनिक साइलो का निर्माण किया गया है । इससे प्रतिमाह लगभग 2 रेक खाद्यान्न (फूड ग्रेन) की अनलोडिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला को गति प्रदान करने और रेलवे के माल दुलाई राजस्व में वृद्धि करने में मदद मिलेगी ।
प्रयागराज मण्डल, माल ढुलाई सेवाओं की कुशलता और विश्वसनीयता को निरंतर बेहतर बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। इस साइडिंग के पुनः संचालन से क्षेत्रीय विकास एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को भी बल मिलेगा।
Anveshi India Bureau



