प्रयागराज।भारतीय कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से मंडल स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता 2025 पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज प्रयागराज में विकसित भारत 2047 थीम पर आयोजित कार्यक्रम संपन्न की गई। इसमें गायन, वादन, नृत्य और दृश्य कला में समूह और एकल प्रतियोगिता एवं नाटक व कहानी में समूह प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रयागराज मंडल प्रयागराज आर एन विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन व गुब्बारे छोड़कर किया। प्रतियोगिता में छात्रों की समान भागीदारी का अवसर दिया गया। जिसमें प्रयागराज मंडल के जनपद प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ व फतेहपुर के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक आर एन विश्वकर्मा ने कहा कि छात्रों की कलात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा को बढ़ावा देने का एक यह एक बहुत महत्वपूर्ण मंच है। मंडलीय कला उत्सव प्रतियोगिता 2025 के आयोजक प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि कला उत्सव प्रतियोगिता न केवल छात्रों को विभिन्न कला रूपों में अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर देती है बल्कि यह विविधता में एकता, राष्ट्रीय विरासत का सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक शिक्षा निदेशक बीमा एवं वित्त निदेशक एलबी मौर्य भी सभागार में उपस्थित रहे। अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागी बच्चों की कला का निर्णय किया गया। जिनको ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर चयनित छात्र प्रदेश स्तर की कला उत्सव प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। संगीत गायन, नाटक व नृत्य समूह में सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रयागराज प्रथम और संगीत वादन स्वर वाद्य व नृत्य एकल एकल में महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनी प्रयागराज प्रथम, संगीत वादन ताल वाद्य समूह व संगीत गायन एकल एवं संगीत वादन ताल वाद्य में राजकीय इंटर कॉलेज प्रयागराज, दृश्य कला एकल त्रिआयामी मूर्तिकला में श्री राम गोपाल विद्यापीठ इंटर कॉलेज फतेहपुर दृश्य कला एकल द्विआयामी में अमर जनता इंटर कॉलेज प्रतापगढ़, दृश्य कला समूह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हंडिया प्रयागराज एवं पारंपरिक कहानी वाचन समूह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ सर्वोच्च स्थान पर रहा। मंच संचालन कमल सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के नोडल जगदीश नारायण द्विवेदी, रत्ना पल्लवी, रविकांत श्रीवास्तव, पूजा पटेल एवं निर्णायक मंडल के इरशाद अहमद, राजीव रंजन पटेल आदि शिक्षक गण मौजूद रहे।






