Prayagraj News : गया से पिंडदान कर कानपुर लौटते सोरांव में अज्ञात वाहन से कुचलकर चार लोगों की मौत हो गई। हाईवे पर गाड़ी खराब होने के बाद वाहन में सवार लोग हाईवे पर बैठे थे। भोर में चार बजे अज्ञात वाहन ने सभी को रौंद दिया। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
साेरांव थाना क्षेत्र के वाराणसी-कानपुर हाईवे पर बिगाहियां पुल के पास सोमवार तड़के हादसे में सेना से सेवानिवृत्त जवान, उनकी पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं। सभी का एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। बिहार के गया से पिंडदान कर बोलेरो से घर लौटते समय गाड़ी खराब होने पर सभी हाईवे किनारे आराम कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खड़ी बोलेरो में पीछे से टक्कर मार दी। मूलरूप से कानपुर देहात के थाना क्षेत्र मूसानगर गांव गुलौली के रहने वाले सुरेश बाजपेयी (61) व उनकी पत्नी तारा देवी (58), सुरेश सैनी (60) व उनकी पत्नी प्रेमा देवी (56), प्रेम नारायण पांडेय (59) व उनकी पत्नी ममता (56) और राम सागर अवस्थी (55) व उनकी पत्नी कोमल देवी (56) पिंडदान करने गया, बिहार गए थे।
पुलिस जांच में पता चला कि सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। चार सितंबर को सभी आठ लोग गया के लिए निकले थे। 31 हजार में गाड़ी बुक की थी। रामू शर्मा उर्फ अजय शर्मा गाड़ी चला रहा था। बिगाहियां पुल के पास पहुंचते ही बोलेरो खराब हो गई। राजू हाईवे के किनारे गाड़ी खड़ी कर मिस्त्री बुलाने चला गया, तभी हादसा हो गया।
एक साथ चार मौतों से कोहराम
अनिल ने बताया कि भाई राम सागर अवस्थी किसान थे। हादसे में उनकी पत्नी कोमल देवी घायल हो गई हैं। सुरेश का फूलों का काम था। वहीं सुरेश बाजपेयी सेना से सेवानिवृत्त थे। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं एक साथ चार लोगों की जान जाने से गांव में कोहराम मचा है।
हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी, गंगानगर