उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का प्रयागराज आगमन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बमरौली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री पाठक ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में बिहार और पश्चिम बंगाल की राजनीति, एसआईआर अभियान तथा विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह जंगल राज लाना चाहते थे, लेकिन बिहार की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। अब पश्चिम बंगाल की जनता भी ममता बनर्जी के जंगलराज का अंत करने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, राजद, वामदल और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बिहार विधानसभा चुनाव में केंद्र की मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का सपना देखा था, लेकिन जनता ने उन्हीं को सत्ता से बाहर कर दिया।
जनता ने संदेश दे दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजय रथ किसी भी हाल में रुकने वाला नहीं है।
एसआईआर अभियान पर महत्वपूर्ण बयान
उपमुख्यमंत्री ने एसआईआर (SIR) अभियान को लोकतंत्र का महाभियान करार देते हुए कहा कि इस अभियान से वास्तविक मतदाता सामने आएंगे, उन्हें अपने मताधिकार का पूरा उपयोग मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि—
“फर्जी घुसपैठी बने मतदाताओं के कारण लोकतंत्र को घायल किया जा रहा था। एसआईआर अभियान के माध्यम से ऐसे फर्जी मतदाताओं का सफाया होगा।”
ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, वामदल और तृणमूल जैसे दल इसलिए डरे हुए हैं क्योंकि उनकी राजनीति फर्जी घुसपैठी बने मतदाताओं पर ही टिकी हुई थी, जिस पर अब पूर्ण विराम लग जाएगा।
स्वागत करने वालों में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, विधायक दीपक पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष जमुनापार विभव नाथ भारती, राजेश केसरवानी, रामलोचन साहू, देवाशीष पांडे, संतोष त्रिपाठी, हर्षित मिश्रा, रॉबिन साहू, ज्ञान बाबू केसरवानी समेत भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



