Saturday, December 20, 2025
spot_img
HomePrayagrajराजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रयागराज में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रयागराज में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस, प्रयागराज में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज श्री पी.एन. सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में तथा प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम मिश्रा के संयोजकत्व में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री दिव्यकांत शुक्ल (पूर्व सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश एवं अध्यक्ष, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश), श्री आर.एन. विश्वकर्मा (संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रयागराज मंडल) तथा श्री जितेंद्र प्रताप सिंह (सह जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज) उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्या नीलम मिश्रा, लता कुमारी एवं किरण राय द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। छात्राओं ने रोली-अक्षत से स्वागत किया तथा डॉ. आकांक्षा केसरी (स्काउट प्रभारी) द्वारा बैज अलंकरण किया गया।

 

जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पी.एन. सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं द्वारा शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

 

इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, स्वागत गीत, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न प्रांतों के लोकनृत्य, जागरूकता संबंधी नाटक एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं।

 

कार्यक्रम में गत सत्र में कक्षा 6 से 12 तक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं, राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं, राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम में चयनित रानी यादव, कराटे में चयनित रितु पटेल, मंडल स्तरीय कबड्डी टीम की छात्राओं तथा अन्य शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 या उससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली छात्राओं से फॉर्म-6 भरवाए गए तथा छात्राओं एवं अभिभावकों को जागरूक किया गया।

 

संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री आर.एन. विश्वकर्मा ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं निरंतरता को सफलता की कुंजी बताया। श्री दिव्यकांत शुक्ल ने विद्यालय को सामाजिक चेतना का केंद्र बताते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के संरक्षण पर बल दिया।

 

मुख्य अतिथि महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं की प्रशंसा करते हुए विद्यालय को उपहार स्वरूप एक सबमर्सिबल पंप, एक हैंडपंप एवं आरओ वाटर कूलर प्रदान करने की घोषणा की। सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेरक कविता एवं लघुकथा के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

 

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती प्रज्ञा मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा संचालन वंदना आनंद ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी, इरशाद मसूरी, रवींद्र मिश्र, डॉ. पारुल यादव सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

 

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments