प्रयागराज। माघ मेला 2026 के दृष्टिगत प्रयागराज में पर्यटन एवं मनोरंजन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट फेज–02 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ किया गया। मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार एवं नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इसका उद्घाटन किया।
प्रयागराज स्मार्ट सिटी प्रा. लि. एवं नगर निगम प्रयागराज द्वारा विकसित इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को नए कलेवर में तैयार किया गया है, जहां श्रद्धालु एवं पर्यटक यमुना नदी की लहरों के बीच लजीज व्यंजनों, नौकाविहार तथा रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। यह सुविधा माघ मेला 2026 में आने वाले देश–विदेश के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगी।
नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने बताया कि माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड की प्राथमिकता है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में चरणबद्ध रूप से जेट स्की, स्पीड बोट, पांटून बोट एवं बनाना बोट राइड जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सुरक्षा के दृष्टिगत रेस्क्यू बोट, प्रशिक्षित स्टाफ एवं सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र कुमार ने कहा कि
“माघ मेला 2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को विशेष रूप से तैयार किया गया है। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं ऑनलाइन बुकिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में यमुना नदी का आनंद ले सकें।”
उन्होंने बताया कि फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की ऑनलाइन बुकिंग 1 जनवरी 2026 से ‘बुक माय ट्रिप’ एवं ‘बुक माय शॉप’ जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रारंभ की जाएगी, जिससे देश–विदेश से आने वाले पर्यटक घर बैठे ही बुकिंग कर सकेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज की यह पहल न केवल माघ मेला 2026 को और अधिक आकर्षक बनाएगी, बल्कि प्रयागराज को जल-पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाएगी। आस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और मनोरंजन को एक साथ जोड़ते हुए श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव प्रदान करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।
अरुण मित्र समाचार पत्र एवं दैनिक आशा प्रहरी समाचार पत्र से
उमेश चंद्र द्विवेदी एवं प्रभात मिश्रा।
Anveshi India Bureau



