प्रयागराज। मकर संक्रांति के दृष्टिगत मेला व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं संतों से संवाद के उद्देश्य से आज वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न अखाड़ों व संत स्थलों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा, मेला अधिकारी ऋषि राज, मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय, अपर मेला अधिकारी दयानंद प्रसाद एवं उप मेला अधिकारी विवेक शुक्ला भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में विराजमान वरिष्ठ संतों के दर्शन कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। क्रमशः स्वामी श्री रामेश्वराचार्य जी महाराज, स्वामी विमलदेव जी महाराज, ब्रह्माश्रम जी महाराज, स्वामी श्री अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज, कौशलेन्द्र प्रपन्नाचार्य जी महाराज एवं पंडित कृष्णानन्द जी महाराज से भेंट की गई।
संतों से संवाद के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में संतों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके पश्चात अधिकारियों ने प्रयागवाल में उपस्थित पदाधिकारियों से भेंट कर वृद्ध एवं गणमान्य कल्पवासियों का सम्मान किया तथा मेला व्यवस्था से संबंधित आवश्यक विचार-विमर्श किया।
Anveshi India Bureau



