प्रयागराज। माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर–एक, अक्षयवट मार्ग स्थित विद्या भारती काशी प्रांत के शिविर में 11 एवं 12 जनवरी को आयोजित दो दिवसीय संगीत प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों में कार्यरत संगीताचार्यों के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों, राष्ट्रभाव एवं संगीत साधना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राम मनोहर (क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री, विद्या भारती, पूर्वी उत्तर प्रदेश) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शेषधर द्विवेदी (प्रदेश निरीक्षक, काशी प्रांत) उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय संगीत प्रमुख मनोज गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में काशी प्रांत के संगीत प्रभारी भरत सिंह, संगीत सहसंयोजक रामजी मिश्रा, संगीत संयोजन दीनबंधु सिंह सहित आठों संकुलों से आए 25 संगीताचार्यों ने सक्रिय सहभागिता की और अपने अनुभव साझा किए।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान “वंदना”, “वंदे मातरम्” एवं वार्षिक गीतों का विशेष अभ्यास कराया गया। सामूहिक गायन, स्वर साधना एवं ताल अभ्यास के माध्यम से गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति, शुद्ध उच्चारण तथा लयबद्धता पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने संगीत के माध्यम से संस्कार निर्माण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रशिक्षण वर्ग में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार के सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को संगीत शिक्षण की नई दृष्टि और दिशा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगीत एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समापन सत्र में क्षेत्रीय संगीत प्रमुख मनोज गुप्ता का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में सुल्तानपुर संकुल के संगीत प्रमुख ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, प्रतापगढ़ संकुल के अरुण कुमार शुक्ला, जौनपुर संकुल के ओमप्रकाश त्रिपाठी, केशव संकुल की संध्या सरमन, मांडवी द्विवेदी, भास्कर यादव, मनोज शर्मा, रोली मालवीय, प्राची शुक्ला, वर्षा पाण्डेय, निकिता मिश्रा, निहारिका श्रीवास्तव, शैली श्रीवास्तव, पूजा तिवारी, निशा शुक्ला, ज्योति मालवीय, रिचा त्रिपाठी, लक्ष्मी शर्मा, प्रेमनाथ, वंदना पाण्डेय एवं नीतू श्रीवास्तव सहित अनेक संगीताचार्य उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



