प्रयागराज : दिव्यांगजन सशक्तिकरण और खेल प्रतिभा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। प्रयागराज स्थित नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय, जमुनीपुर के विशेष शिक्षा संकाय में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. दीपक कुमार त्रिपाठी का चयन पैरा डार्ट्स नेशनल चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को कानपुर, उत्तर प्रदेश में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से 120 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और क्षमताओं को राष्ट्रीय पटल पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान करता है।
इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के महासचिव श्री महेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. दीपक कुमार त्रिपाठी का चयन उनकी निरंतर साधना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. त्रिपाठी अपने कौशल, संकल्प और प्रतिबद्धता से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
शैक्षिक क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका के साथ-साथ खेल जगत में प्राप्त यह उपलब्धि डॉ. त्रिपाठी की बहुआयामी प्रतिभा को रेखांकित करती है। उनका चयन विश्वविद्यालय परिवार, प्रयागराज जनपद तथा समूचे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है। यह सफलता उन असंख्य दिव्यांगजनों के लिए आशा और उत्साह का संदेश है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं।
यह विश्वास किया जा रहा है कि डॉ. दीपक कुमार त्रिपाठी का राष्ट्रीय मंच पर यह पदार्पण दिव्यांग सशक्तिकरण को नई दिशा देगा और आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
Anveshi India Bureau



