प्रयागराज। कायस्थ पाठशाला में सदस्यता एवं नियमावली में कथित अनियमितताओं को लेकर निशिथ वर्मा के नेतृत्व में ट्रस्टियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने रजिस्ट्रार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नियमावली में मनमाने संशोधन, 100 रुपये वाले सदस्यों को मतदान अधिकार से वंचित करने, अवैध रूप से भूमि आवंटन व विक्रय, ट्रस्टियों से हर वर्ष अध्यक्ष के समक्ष जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कराने तथा अंतर्जातीय विवाह करने वाले सदस्यों को चुनाव न लड़ने देने जैसे प्रावधानों का विरोध किया गया।
प्रतिनिधि मंडल ने इन व्यवस्थाओं को संविधान व सोसायटी नियमों के विपरीत बताते हुए अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और ट्रस्ट की संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्राधिकारी नियंत्रक/रिसीवर नियुक्त करने की मांग की। मीडिया से बातचीत में निशिथ वर्मा ने कहा कि मतदान अधिकार से वंचित करना अलोकतांत्रिक है और अंतर्जातीय विवाह को लेकर बनाए गए नियम संविधान के विरुद्ध हैं।

इस अवसर पर पी.पी. कुलश्रेष्ठ, अजय श्रीवास्तव, योगेंद्र श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव सहित कई ट्रस्टी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



