प्रयागराज। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, महानगर प्रयागराज की एक महत्वपूर्ण बैठक सिविल लाइंस स्थित होटल यश पद्म कॉन्टिनेंटल में महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने कहा कि प्रयागराज को पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि काशी और अयोध्या की तुलना में प्रयागराज में अपेक्षाकृत कम श्रद्धालु रुकते हैं, जबकि यह शहर धार्मिक व ऐतिहासिक दृष्टि से विश्वस्तरीय पहचान रखता है। संगम के अतिरिक्त अन्य दर्शनीय स्थलों के प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग, डिजिटल प्रचार, होर्डिंग्स तथा फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री से वार्ता कर प्रयागराज पर्यटन को विशेष प्रोत्साहन दिलाने का प्रयास करेंगे। बैठक में वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष राजकुमार केसरीवानी, अभिषेक केसरीवानी, पियूष पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



