Tuesday, February 3, 2026
spot_img
HomePrayagrajमण्डलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-6 एवं 9 की प्रवेश परीक्षा...

मण्डलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-6 एवं 9 की प्रवेश परीक्षा एवं शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर की समीक्षा बैठक

मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को गांधी सभागार में अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम बेलहट, तहसील कोरांव में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा-6 एवं कक्षा-9 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा तथा विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपश्रमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-6 एवं कक्षा-9 में प्रवेश हेतु 08 मार्च 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं श्रम विभाग कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

 

 

प्रवेश हेतु उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे, कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चे जिनका महिला एवं बाल विकास विभाग में पंजीकरण हो अथवा जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत आते हों, पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए तहसील स्तर एवं जिला स्तर पर परीक्षा केंद्रों का चयन किया जाना है।

मण्डलायुक्त ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रवेश परीक्षा केंद्रों हेतु विद्यालयों के चयन की आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कक्षा-6 एवं कक्षा-9 में प्रवेश के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराए जाने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकें।

मण्डलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि यदि गुणवत्ता सुधार हेतु किसी अतिरिक्त संसाधन की आवश्यकता हो, तो उसे लिखित रूप में उपलब्ध कराया जाए। बैठक में गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों के लिए विषय विशेषज्ञ अध्यापकों की नियमित कक्षाएं आयोजित कराए जाने के सुझाव पर मण्डलायुक्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बच्चों की नियमित मॉक परीक्षाएं आयोजित की जाएं तथा पढ़ाई में कमजोर छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर उनकी आवश्यकता के अनुसार विशेष कक्षाएं संचालित की जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उपश्रमायुक्त श्री सुमित कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments