प्रयागराज। चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस की सभागार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से भेंट की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और प्रदेश की सरकार द्वारा प्रस्तुत कल्याणकारी बजट की चर्चा पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर करें, ताकि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का प्रभावी ढंग से जवाब दिया जा सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एसएआर अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी ली और कहा कि अभियान के उपरांत सभी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रयागराज की सभी विधानसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत से कमल का फूल खिलाकर वर्ष 2017 की ऐतिहासिक विजय गाथा को 2027 में दोहराया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों के मंसूबों को ध्वस्त करते हुए उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प भाजपा कार्यकर्ता लेकर आगे बढ़ें।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में प्रधानमंत्री योग्यता से बनता है, परिवारवादी विरासत की मुहर अब आवश्यक नहीं है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने नेतृत्व और कार्यक्षमता से प्रधानमंत्री पद के लिए उच्च मानदंड स्थापित किए हैं, जिनके आसपास भी राहुल गांधी नहीं हैं।
साथ ही उन्होंने सपा नेता अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका मुख्यमंत्री बनने और राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सपना साकार नहीं होगा। जनता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों के बल पर वर्ष 2047 तक भाजपा सशक्त रूप से बनी रहेगी।
भाजपा प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आम जनता एवं कार्यकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम के उपरांत वे अंबेडकर नगर के लिए प्रस्थान कर गए।
इस अवसर पर विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुना जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला, कुंज बिहारी मिश्रा, राजेश केसरवानी, राकेश जैन सहित गंगापार, यमुनापार एवं प्रयागराज महानगर के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



