प्रयागराज। विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के सरस्वती विद्या मंदिर माधव ज्ञान केंद्र नैनी, प्रयागराज में तीन दिवसीय क्षेत्रीय संगीत कार्यशाला का समापन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यशाला का संयोजन प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र के निर्देशन में किया गया तथा समापन सत्र की अध्यक्षता विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र जी ने की।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि समापन अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संयोजक, सह क्षेत्र संयोजक, प्रांत संयोजक एवं सह-प्रांत संयोजकों के साथ महानगर के समस्त शिशु एवं विद्या मंदिरों के संगीताचार्यों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान संगीत के निर्धारित पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा चयनित गीतों का सामूहिक अभ्यास कराया गया।
समापन सत्र में अखिल भारतीय सह संगीत प्रमुख एवं क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर तथा अखिल भारतीय संगीत प्रमुख एवं प्रख्यात ध्रुपद गायक विनोद कुमार द्विवेदी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
गीतों के माध्यम से संस्कारों का संवर्धन
अध्यक्षीय उद्बोधन में हेमचंद्र जी ने कहा कि विद्या भारती द्वारा निर्धारित एवं संकलित गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं आदर का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि “भाषण से अधिक प्रभावशाली गीत होते हैं”, क्योंकि संगीत मानसिक विकास के साथ-साथ भावनात्मक परिष्कार भी करता है।
उन्होंने सभी प्रांत संयोजकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में प्रवास कर विद्यार्थियों एवं संगीताचार्यों को इन गीतों का नियमित अभ्यास कराएं तथा विभिन्न कार्यक्रमों में उनका प्रस्तुतीकरण सुनिश्चित करें।

सात गीतों की श्रृंखला
तीन दिवसीय कार्यशाला को कुल 8 सत्रों में विभाजित किया गया था। इसमें 3 अखिल भारतीय गीतों के साथ 4 क्षेत्रीय गीतों को सम्मिलित कर कुल 7 गीतों की श्रृंखला तैयार की गई।
कार्यशाला में गोरक्ष प्रांत से दिग्विजय मिश्र, अरुणिमा श्रीवास्तव, जगदीश कुमार; कानपुर प्रांत से बृजेश कुमार; अवध क्षेत्र से अलिक सरकार, शिव प्रकाश पाण्डेय; तथा काशी प्रांत से दीनबंधु सिंह, रामजी मिश्र, अविनाश राय, भरत सिंह सहित लगभग 18 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

आभार एवं संचालन
कार्यशाला में आए प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र ने किया। परिचय क्षेत्रीय सह-संयोजक बृजराज दुबे ने कराया, जबकि संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगीत संयोजक मनोज कुमार गुप्ता ने किया।
यह कार्यशाला न केवल संगीत प्रशिक्षण का मंच बनी, बल्कि सांस्कृतिक जागरण एवं संगठनात्मक समन्वय का भी प्रभावी माध्यम सिद्ध हुई।
Anveshi India Bureau



