Loco Pilot Vacancy : भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे तकनीकी योग्यता वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने उत्तर मध्य रेलवे समेत देश भर के 17 रेल जोन में वर्ष 2026 के दौरान सहायक लोको पायलट (एएलपी) के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी है।
भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे तकनीकी योग्यता वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने उत्तर मध्य रेलवे समेत देश भर के 17 रेल जोन में वर्ष 2026 के दौरान सहायक लोको पायलट (एएलपी) के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, देशभर के विभिन्न जोनल रेलवे में कुल 11,127 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी करने की मंजूरी दे दी गई है। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो 457 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया होगी।
यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (सीईएन) के तहत लेवल-2 के पदों पर होगी। जोनल रेलवे वार बात करें तो सर्वाधिक 1625 पदों पर नियुक्ति पूर्वी तटीय रेलवे में की जाएगी। इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे में 1531, मध्य रेलवे में 1400, उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे में 1276 पदों पर भर्ती होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के भी 105 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया इसी वर्ष होगी।
एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक शत्रुघ्न बेहेरा द्वारा जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर भर्ती की प्रक्रिया (फाइनल इंडेंट) पूरी करें। यह भर्ती आरआरबी बंगलूरू के माध्यम से केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना के तहत आयोजित की जाएगी। इसमें आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड द्वारा इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है।
आरक्षण का रखा जाएगा खास ख्याल
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में एससी/एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए तय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसमें बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही नई नियुक्तियों के आने से उन कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी जो लंबे समय से इंटर-रेलवे ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं।
जोन- पद का विवरण
मध्य रेलवे – 1400
पूर्व मध्य रेलवे -700
पूर्वी तटीय रेलवे -1625
पूर्व रेलवे – 608
उत्तर मध्य रेलवे – 457
पूर्वोत्तर रेलवे -105
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे -1276
उत्तर रेलवे – 740
उत्तर पश्चिम रेलवे – 600
दक्षिण मध्य रेलवे -674
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे -200
दक्षिण पूर्व रेलवे – 1531
दक्षिण रेलवे – 250
दक्षिण पश्चिम रेलवे – 200
पश्चिम मध्य रेलवे – 541
पश्चिम रेलवे – 214
चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स – 06
Courtsyamarujala.com



