Monday, February 23, 2026
spot_img
HomePrayagrajSIR के अंतर्गत 22 फरवरी को प्रदेशभर में विशेष अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

SIR के अंतर्गत 22 फरवरी को प्रदेशभर में विशेष अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

लखनऊ, 22 फरवरी 2026। नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 (SIR) के अंतर्गत रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के समस्त 1.77 लाख मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने तथा सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को भी तीन विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। प्रदेशभर के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) निर्धारित समयावधि में उपस्थित रहे और मतदाताओं से आवेदन प्राप्त किए।

अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई, जहाँ मतदाताओं को प्रपत्र 6 एवं 8 भरने में सहायता प्रदान की गई। नागरिकों द्वारा नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य दावों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) का भी अभियान में सहयोग प्राप्त हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 3.26 करोड़ मतदाताओं को नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से संबंधित नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से अब तक 1.66 करोड़ से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। प्रदेश में नोटिस सुनवाई की औसत प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

उन्होंने 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति प्राप्त करने वाले 11 जनपदों—औरैया, एटा, अम्बेडकरनगर, शामली, फिरोजाबाद, बदायूं, आजमगढ़, बस्ती, चित्रकूट, सहारनपुर एवं मथुरा—की सराहना की। वहीं 40 प्रतिशत अथवा उससे कम प्रगति वाले 15 जनपदों—मऊ, बलरामपुर, ललितपुर, अमेठी, श्रावस्ती, सम्भल, गोण्डा, पीलीभीत, गाजियाबाद, कानपुर देहात, महराजगंज, देवरिया, बहराइच, रायबरेली एवं कौशाम्बी—को सुनवाई कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि दावा एवं आपत्ति अवधि की अंतिम तिथि 6 मार्च तक सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए आवेदन ECINET मोबाइल एप्लीकेशन तथा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments