प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के प्रयागराज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री ने संगठन द्वारा निर्धारित कोर कमेटी की बैठक में भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों से ली और निर्देश दिया कि अभियान पूर्ण होने तक पूरी सक्रियता से कार्य किया जाए।

बैठक के उपरांत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव अब दूर नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2017 और 2022 की तरह 2027 में भी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सत्ता में वापसी का उनका सपना साकार नहीं होगा।
एआई समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी मंत्री ने इसे अनुचित बताया और कहा कि यह प्रदर्शन भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध से अधिक कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को दर्शाता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेई, दीपक पटेल, राजमणि कोल, पियूष रंजन निषाद, एमएलसी केपी श्रीवास्तव सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



