प्रयागराज में रविवार को हीमोफीलिया जागरूकता, फैक्टर वितरण एवं जेनेटिक काउंसलिंग शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हीमोफीलिया वेलफेयर सोसायटी के सचिव विवेक सिंह एवं अध्यक्ष मोहित गुप्ता के नेतृत्व में तथा इंटास फाउंडेशन, प्रयागराज की टीम के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में हीमोपैथोलॉजिस्ट श्रीमती अर्चना कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने शिविर में आए मरीजों को हीमोफीलिया से संबंधित महत्वपूर्ण चिकित्सकीय जानकारी प्रदान की और रोग के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
शिविर में कई हीमोफीलिया मरीजों ने भाग लिया। इस दौरान मरीजों को इस अनुवांशिक रक्तस्राव संबंधी बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें आवश्यक फैक्टर VIII इंजेक्शन वितरित किए गए। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को जेनेटिक काउंसलिंग एवं रोग प्रबंधन से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विवेक सिंह और मोहित गुप्ता ने बताया कि हीमोफीलिया का स्थायी इलाज अभी उपलब्ध नहीं है, लेकिन नियमित फैक्टर थेरेपी, समय पर उपचार और जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हीमोफीलिया वेलफेयर सोसायटी और इंटास फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से मरीजों को समय-समय पर उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में श्रीमती शिवांजलि त्रिपाठी (प्रोजेक्ट एसोसिएट, इंटास फाउंडेशन, प्रयागराज) एवं सुश्री हर्षिता सिंह (काउंसलर) सहित कई मरीज और उनके परिजन उपस्थित रहे। यह शिविर हीमोफीलिया मरीजों के लिए जागरूकता बढ़ाने और उपचार सुविधाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Anveshi India Bureau



