प्रयागराज। शहर के प्रतिष्ठित गायक एवं रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के संगीताचार्य मनोज गुप्ता को सुगम संगीत (गायन) के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा ‘अकादमी पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
उत्तर प्रदेश में संगीत, नृत्य और नाट्य कला के क्षेत्र में यह पुरस्कार अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है, जिसे अकादमी द्वारा समय-समय पर उत्कृष्ट कलाकारों को प्रदान किया जाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय के अनुसार, मनोज गुप्ता पिछले 38 वर्षों से विद्या भारती द्वारा संचालित इस संस्थान में संगीताचार्य के रूप में सेवा दे रहे हैं। साथ ही वे पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संगीत संयोजक का दायित्व भी निभा रहे हैं।
मनोज गुप्ता आकाशवाणी, दूरदर्शन, संस्कृति विभाग एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के पंजीकृत कलाकार हैं। उन्होंने देश के उच्च पदस्थ गणमान्य व्यक्तियों जैसे डॉ. शंकर दयाल शर्मा, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा राम नाथ कोविंद के समक्ष भी अपनी गायन प्रस्तुतियां दी हैं।
अपने 38 वर्षों के संगीतिक सफर में उन्होंने देश-प्रदेश के प्रमुख महोत्सवों एवं सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुतियां देकर 200 से अधिक सम्मान अर्जित किए हैं। उन्होंने अनूप जलोटा, साधना सरगम, विनोद राठौड़, सुरेश वाडेकर, अनुराधा पौडवाल, मनहर उधास एवं पुरुषोत्तम दास जलोटा जैसे ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ भी मंच साझा किया है।
उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, विद्या भारती के पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Anveshi India Bureau



