Thursday, March 19, 2026
spot_img
HomePrayagrajहनुमंत निकेतन में गूंजा सामवेद शंखनाद, भव्य ‘नव वर्ष उद्घोष’ के साथ...

हनुमंत निकेतन में गूंजा सामवेद शंखनाद, भव्य ‘नव वर्ष उद्घोष’ के साथ हुआ विक्रम संवत 2083 का स्वागत

हनुमंत निकेतन, सिविल लाइंस, प्रयागराज में आज हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में “सामवेद शंखनाद एवं नव वर्ष उद्घोष” का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। प्रातः 5 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन में श्रद्धा, भक्ति एवं सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर नव वर्ष के प्रथम सूर्योदय के साक्षी बने।

कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदन से हुआ, जिसके पश्चात वेद विद्यालय के बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्वस्ति वाचन किया गया। सामवेद की मधुर स्वर लहरियों एवं शंखनाद से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर नव वर्ष का स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण व्याप्त रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनंत श्री विभूषित महंत यमुना पुरी जी महाराज (सचिव, श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी एवं प्रबंधक, माँ अलोपी देवी मंदिर) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि नव संवत्सर हमें धर्म, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है तथा सनातन मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश देता है।

आयोजक सृजन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. बी.बी. अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नव वर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा की नई चेतना और सांस्कृतिक जागरण का पर्व है। इस आयोजन में सह-आयोजक के रूप में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने अपने संबोधन में समाज की एकता एवं संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, महामंत्री अभिषेक मित्तल, हरीश चंद अग्रवाल (बिल्लू भैया), आशीष अग्रवाल, विनीता अग्रवाल, अजीत बंसल, मुरारी लाल अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

वहीं अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल के नेतृत्व में सौरभ अग्रवाल, सीए सचिन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल (सह मंत्री) एवं अंकित अग्रवाल (कार्यालय प्रभारी) सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री सुबंधु जी (विभाग प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में विक्रम संवत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भारतीय परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामयी संचालन अग्रवाल युवा महिला मंडल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर ‘पर्वपत्रिका’ (संवत 2083) के 14वें संस्करण का विमोचन महंत यमुना पुरी जी महाराज के करकमलों द्वारा किया गया, जिसमें पत्रिका के संपादक आचार्य अमित बहोरे जी के योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सविता अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, आयोजकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रातः 5 बजे से प्रारंभ होकर लगभग 7 बजे तक चले इस कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का समापन “जय श्री राम, जय हनुमान” के उद्घोष एवं नव वर्ष की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

 

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments