पुरानी लंबित भर्ती के लिए आवेदन कर चुके 13.19 लाख अभ्यर्थी परीक्षा तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। राजकीय और अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं। लेकिन, किसी न किसी वजह से इन पदों पर भर्ती अटकी है।
प्रदेश में हर साल सरकारी और निजी कॉलेजों से तकरीबन दो लाख बीएड बेरोजगार डिग्री लेकर निकलते हैं। पिछले तीन साल में छह लाख नए बीएड बेरोजगार इन कॉलेजों से निकले हैं। लेकिन, इनके लिए कोई भर्ती नहीं आई।
वहीं, पुरानी लंबित भर्ती के लिए आवेदन कर चुके 13.19 लाख अभ्यर्थी परीक्षा तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। राजकीय और अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं। लेकिन, किसी न किसी वजह से इन पदों पर भर्ती अटकी है। कहीं समकक्ष अर्हता स्पष्ट न होने से भर्ती फंसी है तो कहीं पद खाली होने के बावजूद विभाग ने भर्ती के लिए अधियाचन नहीं भेजा है।
अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता (पीजीटी) के 4163 पदों पर भर्ती के लिए ढाई साल पहले वर्ष 2022 में विज्ञापन जारी किया गया था। इनमें टीजीटी के 3539 पद हैं, जिनके लिए आठ लाख 69 हजार बीएड अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। वहीं, प्रवक्ता के 624 पदों के लिए 4.50 लाख परास्नातक अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यह भर्ती उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पूरी करानी है। लेकिन, अब तक परीक्षा तिथि भी घोषित नहीं की गई।



