राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत सकल हिंदू समाज पंचक्रोशी, बस्ती कल्याणी नगर के तत्वावधान में मुंशी राम प्रसाद की बगिया स्थित नारायण वाटिका, मुट्ठीगंज में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता प्रखर राष्ट्र चिंतक डॉ. अनिरुद्ध महाराज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू समाज को धर्म राष्ट्र के उत्कर्ष और देश की प्रगति के लिए संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने इतिहास के विभिन्न कालखंडों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब समाज में विभाजन हुआ, तब बाहरी आक्रमणों और शासनों के दौरान कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने सनातन संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर बल देते हुए समाज को जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद की गौ रक्षा प्रमुख लालमणि तिवारी ने अपने संबोधन में पड़ोसी देशों में हिंदुओं की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को सतर्क रहकर अपने अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए संगठित होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक एकता और जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमार नारायण ने की। उन्होंने अपने वक्तव्य में हिंदू समाज से एकजुट होकर राष्ट्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। कार्यक्रम का समापन मां भारती की आरती और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन राजेश केसरवानी ने किया। संयोजक शत्रुघ्न जायसवाल एवं मुकेश जायसवाल ने अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर आरएसएस के भाग प्रचारक देवदत्त, सहकारवा आशीष, वीरेंद्र श्रीवास्तव, धर्म नारायण, दिनेश चंद्र, कमलेश पाल, अभिलाष केसरवानी, मुकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Anvesha India bureau



