मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ता जा रहा है। तापमान नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है। गुरुवार को दिन का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि बुधवार को तापमान 42 डिग्री के आसपास था। प्रयागराज समेत 30 जिलों में अगले कुछ दिनों तक हीट वेब का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
गुरुवार को जिले में तापमान इस साल के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया। सारे रिकॉर्ड को तोड़ते हुए तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 29.1 रहा। सड़कों पर सन्नाटा रहा और आसमान से आग बरसती रही। हीट वेब के चलते लोग मुंह में रूमाल बांधकर सड़कों पर देखे गए। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक इसी तरह की गर्मी और लू चलने की संभावना है।
सुबह से ही सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। गर्मी से लोग बेहाल रहे। दिन में चल रही हल्की हवा सूरज के तेवर के आगे फेल रही। सुबह नाै बजे के बाद सड़कों पर लोग निकलने से परहेज करने लगे। जो लोग जरूरी काम से निकले उन्होंने गर्मी से बचाव के लिए शरीर को पूरी तरह ढककर रखा। मौसम के जानकारों के अनुसार अभी पारा और चढ़ने का अनुमान है।

सुबह 9 बजे के बाद पूरे दिन तेज धूप लोगों का कड़ा इम्तिहान लेती रही। मौसम वैज्ञानिक व पूर्व प्रोफेसर एचएन मिश्रा का कहना है कि शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। इसके अलावा अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है। वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और सर्द हवाओं का असर प्रयागराज में देखने को नहीं मिलेगा।
अधिकतम तापमान—43.4 डिग्री सेल्सियस