Saturday, July 27, 2024
spot_img
HomePrayagrajप्रयागराज : नीरज के घर जाकर सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने दी...

प्रयागराज : नीरज के घर जाकर सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने दी टिकट मिलने की बधाई, कहा- पार्टी के निर्णय का स्वागत

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि नीरज त्रिपाठी की विरासत बहुत ही समृद्ध है। उनके पिता कुशल नेता थे। मुझे विश्वास है कि नीरज अपने पिता की विरासत को कुशलता के साथ आगे बढ़ाएंगे।

नीरज त्रिपाठी दोपहर में एक बजे के आसपास खाना खाने जा ही रहे थे कि टीवी पर ब्रेकिंग न्यूज आई कि इलाहाबाद संसदीय सीट से उन्हें भाजपा ने उम्मीदवार बना दिया है। यह देखते ही नीरज और उनकी पत्नी कविता यादव त्रिपाठी अपनी कुर्सी छोड़ वहीं खड़े हो गए। कविता ने खुशी के मारे नीरज को अपने गले लगा लिया। तब तक यह जानकारी मिलते ही पार्टी के तमाम नेता सिविल लाइंस में नीरज को बधाई देने के लिए पहुंचने लगे। इस दौरान नीरज ने अपने पिता स्वर्गीय केशरी नाथ त्रिपाठी की फोटो पर तिलक लगाकर उनसे जीत का आर्शीवाद मांगा।

थोड़ी देर में उनकी बेटी शिवांगी त्रिपाठी भी यह खबर सुनकर हाईकोर्ट से अपने घर पहुंच गईं। वहां शिवांगी खुशी के मारे अपने पापा नीरज से चिपक गईं। इस दौरान नीरज ने पार्टी नेताओं से कहा कि भाजपा के सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकर चुनाव प्रचार की रणनीति एक दो दिन में बनाएंगे। आवास पर संवाददाताओं से हुई बातचीत में कहा कि प्रयागराज डबल इंजन की सरकार ने काफी काम किया है।

कहा कि नैनी की औद्योगिक इकाइयों को संजीवनी देना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। देर शाम नीरज को बधाई देने के लिए सांसद रीता बहुगुणा भी पहुंचीं। उन्होंने कहा कि नीरज त्रिपाठी की विरासत बहुत ही समृद्ध है। उनके पिता कुशल नेता थे। मुझे विश्वास है कि नीरज अपने पिता की विरासत को कुशलता के साथ आगे बढ़ाएंगे। वहीं दूसरी ओर प्रवीण पटेल को भी टिकट मिलने की जिम्मेदारी टीवी चैनल से ही मिली। उन्हें भी बधाई देने के लिए पार्टी के तमाम नेता पहुंचे।

प्रयागराज में महिलाओं से छिन गए चारों महत्वपूर्ण पद

कुछ समय पूर्व प्रयागराज देश का एकमात्र ऐसा शहर था जहां मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिलाओं के पास था। इतना ही नहीं यहां कि दोनों सांसद भी महिला ही हैं, लेकिन चार जून 2024 तक ही। ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा ने इस बार प्रयागराज की दोनों सीटों पर पुरुष उम्मीदवार ही खड़े किए हैं।

इसके पूर्व यहां जिला पंचायत अध्यक्ष का पद रेखा सिंह और मेयर का पद अभिलाषा गुप्ता नंदी के पास था। 2021 में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने डाॅ. वीके सिंह को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया। इसके बाद 2023 के मेयर चुनाव में गणेश केसरवानी को चुनावी मैदान में उतारा गया। दोनों ने ही चुनाव जीता।

2019 के चैत्र नवरात्र में ही केशरी देवी को मिली थी गुड न्यूज

वर्ष 2019 के चैत्र नवरात्र के पहले दिन ही केशरी देवी पटेल को भाजपा से टिकट मिलने की न्यूज मिली थी। तब नवरात्र का पहला दिन था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन भाजपा ने टिकट तो घोषित किया लेकिन केशरी देवी पटेल की जगह पार्टी ने विधायक प्रवीण पटेल को टिकट दे दिया।

पार्टी ने जो निर्णय लिया उसका मैं स्वागत करती हूं। आगे जो भी दायित्व मिलेगा उसका मैं पूरी निष्ठा से निर्वहन करुंगी। जनता की सेवा पहले की ही तरह करती रहूंगी। – केशरी देवी पटेल, सांसद फूलपुर

पार्टी के नेतृत्व की मैं सराहना करती हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि प्रयागराज की दोनों सीट पर भाजपा प्रचंड जीत हासिल करेगी। नेतृत्व जो कहेगा वह मैं पूरी निष्ठा के साथ करुंगी। – डाॅ. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद इलाहाबाद

Courtsyamarujala.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments